नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना के मामलों में अब तक का सबसे उछाल सामने आया है। पिछले 24 घंटों में 90633 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही देश में कोविड-19 संक्रमण के मामलों का आंकड़ा 41 लाख को पार कर गया है। लेकिन राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटों में 73 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। इस प्रकार अब तक 31 लाख 80 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह तक जारी के किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 41,13,812 हो गए हैं, जिनमें से 8,62,320 लोगों का उपचार चल रहा है और 31,80,866 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। पिछले 24 घंटों में ही 73643 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 1,065 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 70,626 हो गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में पांच सितंबर तक कुल 4,88,31,145 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से शनिवार को एक दिन में 10,92,654 नमूनों की जांच की गई।
देश में कोरोना मामलों में ऐसे आया उछाल
आंकड़ों के मुताबिक पिछले डेढ़ माह में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। देश में कोविड-19 मरीजों की संख्या एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन लगे थे जबकि संक्रमितों की संख्या एक लाख से 10 लाख तक पहुंचने में 59 दिन लगे थे। वहीं 10 लाख से 20 लाख तक पहुंचने में 21 दिनों का समय लगा जबकि 20 से 30 लाख मरीज होने में 16 और दिन लगे। ताजा आंकड़ों में संक्रमितों की संख्या 30 लाख से 40 लाख तक पहुंचने में मात्र 13 दिनों का समय लगा है। यानि जैसे जैसे दिन बीत रहे हैं वैसे वैसे कोरोना के मामलों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।




