
भिलाई। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार रात से जारी बारिश गुरुवार तक जारी रही। बीती रात से ही रायपुर और दुर्ग संभाग में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के कारण दुर्ग भिलाई सहित राजधानी रायपुर व अन्य जिलों में मौसम खुशनुमा हो गया है। बिलासपुर और बस्तर संभाग के सीमावर्ती जिलों में जोरदार बारिश हो रही है। पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं। नदी नालों का उफान का नजारा देखने बांधों व एनिकट के पास पर्यटकों की भीड़ लग रही है।
लगातार हो रही बारिश के कारण दुर्ग में शिवनाथ नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। महमरा एनीकट पर पानी का तेज बहाव का नजारा ऐसा है कि दूर दूर से लोग इसे देखने आ रहे हैं। महमरा एनीकट पर बने पर्यटक स्पॉट पर लोग बड़ी संख्या में जमा हो रहे हैं। यहां लोग नदी का दिलकश नजारा देखने के साथ ही मौसम का भी मजा भी ले रहे हैं। बारिश के दिनों में शिवनाथ नदी पर महमरा एनीकट के पास हर साल इस खास मौके का इंतजार स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांव वालों को रहता है।

सरगुजा व बस्तर संभाग में मुसीबत बनी बारिश
एक ओर जहां लगातार बारिश के कारण दुर्ग भिलाई व राजधानी का मौसम खुशगवार है वहीं बस्तर व सरगुजा संभाग में इस बारिश ने कई मुश्किले खड़ी कर दी है। इस सीजन में पहली बार मंगलवार रात से मूसलाधार बारिश से नेशनल हाईवे सहित कई मार्ग बंद हो गए हैं। एनएच 43 में बतौली इलाके के रघुनाथपुर-लमगांव के बीच बाइपास में बने पुल के ऊपर तीन फीट से अधिक पानी होने के कारण पूरे दिन हाईवे जाम रहा। इससे दोनों तरफ सैकड़ों ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही। इसी तरह अंबिकापुर से प्रतापपुर मुख्य मार्ग स्थित खडग़वां में रपटा पुल डूब जाने से वाहनों की आवाजाही बंद होने से पूरे दिन लोग हलाकान रहे। वहीं बस्तर संभाग में भी नदी नालों के उफान पर होने से आसपास के कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है।




