मुंबई (एजेंसी)। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह की उनके मुंबई स्थित फ्लैट में अचानक हुई मौत इस वक्त लोगों के लिए एक बड़ी पहेली बनी हुई है। बिहार सरकार की सिफारिश के बाद इस केस की जांच केन्द्रीय जांच एजेंसी सीबीआई कर रही है। लेकिन, इस मामले को लगातार तूल दिए जाने को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सुप्रीमो शरद पवार ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
पवार ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक व्यक्ति जो खुदकुशी कर मरता है, लेकिन उस पर इतनी चर्चा क्यों की जा रही है? मैं नहीं मानता हूं कि यह इतना बड़ा मुद्दा है। एक किसान ने मुझसे कहा कि 20 किसानों ने खुदकुशी कर ली, लेकिन उस पर किसी ने नहीं बात की।
पवार बोले- सुशांत केस पर इतनी चर्चा क्यों?
एनसीपी अध्यक्ष ने आगे कहा, मैंने महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस को पिछले 50 वर्षों से देखा है और उन पर विश्वास किया है। मैं उस पर टिप्पणी नहीं करूंगा जो उन पर आरोप लगा रहे हैं। अगर कोई यह सोचता है कि सीबीआई या किसी अन्य एजेंसी को इसकी जांच करनी चाहिए तो मैं उसका विरोध नहीं करूंगा।
सुशांत केस में उनके चचेरे पोते पार्थ पवार की तरफ से सीबीआई जांच की मांग पर शरद पवार ने कहा कि हम पार्थ पवार की मांग को महत्व नहीं देते हैं। वह अपरिपक्व है। इधर, शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत की तरफ से सुशांत के पिता पर दिए बयान के बाद एक नया बवाल शुरू हो गया है। सुशांत के परिवार की तरफ से संजय राउत के बयान पर माफी की मांग के बाद शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि वह इसके ऊपर विचार करेंगे।
राउत बोले- जो हमारे पास जानकारी थी वो बोला
संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा- उनकी तरफ से इस बारे में अगर कोई गलती हुई हो तो वे इस पर विचार करेंगे। राउत ने आगे कहा, लेकिन हमें इसको देखना पड़ेगा। जो कुछ भी मैंने कहा उसको लेकर हमारे पास जानकारी थी और सुशांत के परिवार ने जो कुछ भी कहा उस बारे में उनके पास जानकारी थी।
इधर, सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में सुशांत के चचेरे भाई और बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू के वकील अनीश झा ने महाराष्ट्र के राज्यसभा सांसद संजय राउत को वकालतन नोटिस भेजा है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह पर की गई टिप्पणी से आहत होकर विधायक ने उन्हें ये नोटिस भेजा है। नीरज बबलू के वकील ने कहा कि संजय राउत को एक्टर सुशांत की मौत पर दिए बयान को लेकर माफी मांगने के लिए 48 घंटे का वक्त है।




