नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस की रफ्तार अभी थम नहीं रही है। एक ओर आईसीएमआर द्वारा देश में टेस्ट की संख्या में बढ़ोत्तरी की जा रही है तो दूसरी ओर संक्रमण के रोज नए रिकार्ड बन रहे हैं। पिछले 24 घंटों में देशभर से कोरोना संक्रमण के डरावने आंकड़े सामने आए हैं। पहली बार देश में एक दिन में 64 हजार से ज्यादा मामले आए हैं। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 21.53 लाख से ज्यादा हो चुकी है। फिलहाल 6.28 लाख से ज्यादा कोरोना केस ऐक्टिव हैं, वहीं 14.80 लाख लोग इससे ठीक हो चुके हैं। अबतक 43,379 लोगों को इस वायरस की वजह से जान गंवानी पड़ी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि भारत में कोरोना वायरस की जांच तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में भारत में सात लाख टेस्ट किए गए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 21,53011 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 64,399 नए मामले सामने आए हैं और 861 लोगों की मौत हुई है। भारत में फिलहाल 6,28,747 सक्रिय मामले हैं, 14,80,885 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 43,379 लोगों की मौत हो चुकी है।




