
भिलाई। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिले में 6 अगस्त तक लॉकडाउन है। इस बीच हिन्दुओं का बड़ा पर्व रक्षाबंधन भी है। जिला प्रशासन ने लॉकडाउन के दौरान रक्षाबंधन पर व्यापार की अनुमति नहीं दी जिसके विरोध में आज व्यापारियों ने सब्जी बेचकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। जवाहर मार्केट व सर्कुलर मार्केट के व्यापारियों ने भिलाई चेंबर के तत्वावधान में सब्जी बेचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। भिलाई चेंबर द्वारा यह प्रदर्शन तीन दिनों तक अलग अलग बाजारों में किया जाएगा।
बता दें कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भिलाई चेंबर का प्रतिनिधि मंडल लगातार जिला कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे से मांग करता रहा है कि रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए सभी व्यापारियों को व्यापार की अनुमति दें। इस दौरान भिलाई चेंबर ने यह भी सुझाव दिया था कि सब्जी व किराना व्यापारियों को सुबह तथा अन्य व्यापारियों को दोपहर बाद दुकानें खोलने की अनुमति मिले ताकि बाजार में भीड़ कम हो और सोशल डिस्टेंंसिंग सहित अन्य नियमों का पालन हो सके। चेेंबर के प्रतिनिधियों की लगातार की जा रही मांग को अनदेखा कर कलेक्टर द्वारा व्यापार की अनुमति नहीं दी गई। सोमवार को रक्षाबंधन का त्योहार है और इस बीच चेंबर से आज सब्जियां बेचकर अपना विरोध प्रदर्शन किया।
सब्जियां बेचने के अलावा कोई रास्ता नहीं
विरोध प्रदर्शन कर रहे भिलाई चेंबर के संयोजक अजय भसीन का कहना है कि हम व्यापारियों के पास सब्जी बेचने के अलावा और कोई चारा नहीं है। रक्षाबंधन को देखते हुए सभी व्यापारियों ने नया स्टॉक मंगा रखा था। रेडिमेड कमड़े, जूता चप्पल, ज्वेलरी, इलेक्ट्रानिक्स सहित लगभग सभी दुकानदारों ने रक्षाबंधन के हिसाब से स्टॉक मंगाया था। यही नहीं सीजनल व्यापारियों ने राखियों का भी भारी स्टॉक रखा। इस बीच प्रशासन की हटधर्मिता के कारण राखी बेचने वालों को दो दिन चार चार घंटों की अनुमति मिली जो कि काफी कम है। इस प्रकार जिला प्रशासन के नकारात्मक रवैय्ये के कारण छोटे बड़े सभी व्यापारियों का भारी नुकसान हुआ है। व्यापारी अपने कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे पा रहे हैं।
मिठाई दुकानदार को भारी नुकसान
चेंबर के प्रदेश उपाध्यक्ष गारगी शंकर मिश्रा ने बताया कि बात यहीं तक नहीं है रक्षाबंधन पर सबसे जरूरी चीज है मिठाई लेकिन प्रशासन ने मिठाई की दुकानों भी बंद करा दिया। रक्षाबंधन में मिठाई दुकानदारों का भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। गारगी मिश्रा ने कहा कि त्योहार को देखते हुए केवल चार दिन किराना दुकानों को अनुमति दी गई, अब तो वे भी बंद हो गए। रक्षाबंधन सोमवार को है और एक दिन पहले शहर का पूरा व्यापार बंद है। जिला प्रशासन के एक तरफा निर्णय से पूरा व्यापारी वर्ग आक्रोशित है।
फिर मिलेंगे कलेक्टर से और रखेंगे यह मांग
भिलाई चेंबर के संयोजक अजय भसीन ने बताया कि हमारा प्रतिनिधि मंडल एक बार फिर कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे से मुलाकात करेगा। इस दौरान चेंबर के प्रतिनिधि कलेक्टर से लॉकडाउन न बढ़ाने की मांग करेंगे। अजय भसीन का कहना है 23 मार्च के बाद से ही व्यापारी वर्ग से नुकसान झेल रहा है और एक बार फिर से लॉकडाउन बड़ा तो छोटे व्यापारियों की कमर ही टूट जाएगी। अजय भसीन ने कहा 6 अगस्त के बाद व्यापारियों को नियमानुसार अपना व्यापार शुरू करने की अनुमति मिले।




