भिलाई। कोरोना संक्रमण के कारण इन दिनों प्रदेश के अधिकतर जिलों में लॉकडाउन की स्थिति है। बाजार बंद हैं और लोगों को रोजमर्रा के सामान लेने में भी दिक्कतें हो रही हैं। चेंबर ऑफ कामर्स की भिलाई इकाई की मांग को अनदेखा कर जिला कलेक्टर ने बाजार की अन्य दुकानों खोलने की अनुमति नहीं दी। इसके विरोध में 2 अगस्त रविवार को भिलाई चेंबर ने विरोध प्रदर्शन का अनोखा निर्णय लिया है। रविवार को भिलाई चेंबर के तत्वाधान में व्यापारी सब्जी बेचकर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।

भिलाई चेंबर के संयोजक अजय भसीन ने बताया कि रक्षाबंधन का त्योहार आम लोगों के साथ की व्यापारियों के लिए भी एक चुनौती बन गया है। राखी का व्यापार करने वालों से लेकर ज्वेलरी दुकान सहित अन्य दुकानें इससे काफी प्रभावित हैं। उम्मीद की जा रही थी कि जिला प्रशासन व्यापारियों व आम लोगों के हित को देखते हुए कोई सकारात्मक निर्णय लेगा। अजय भसीन ने बताया कि रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए हमने जिलाधीश सर्वेश्वर भूरे से मांग की थी कि दो दिन के लिए व्यापारियों को नियमानुसार सभी दुकानें खोलने की अनुमति दी जाए लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इससे व्यापारी वर्ग काफी परेशान है और 2 अगस्त को सभी व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है।
सब्जियां बेचेंगे सभी व्यापारी
भिलाई चेंबर संयोजक अजय भसीन ने बताया कि रविवार को सुबह 7 बजे सभी व्यापारी जवाहर मार्केट में सब्जी व्यापारियों के साथ मिलकर स्ब्जी बेचेंगे। इस प्रकार व्यापारी वर्ग कलेक्टर की हटधर्मिता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा। यही नहीं रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर राखी और मिठाई की दुकानों को भी अनुमति नहीं मिली है इसके विरोध में बाजार में राखी की दुकानें भी खोली जाएंगे।




