स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप को कोरोना वायरस के कारण स्थगित कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है। वहीं दूसरी ओर अब भारत में इंडियन प्रीमियर लीग के आयोजन का रास्ता भी खुल गया है। आईसीसी ने साथ ही यह भी घोषणा की कि 2023 में होने वाला 50 ओवरों का विश्व कप अब भारत में खेला जाएगा। यह बदलाव 2022 और 2023 के टूर्नमेंटों के बीच सिर्फ इस जरूरी अंतर रखने के लिए किया गया है कि हो सकता है कि भारत को दोनों टूर्नमेंट की मेजबानी मिल जाए।

बता दें कि टी-20 वल्र्ड कप ऑस्ट्रेलिया में खेला जाना था। यह टूर्नामेंट टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच होना था। आईसीसी बोर्ड की पिछली बैठक 25 जून को हुई थी, जिसमें टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर फैसला टाला गया था। वहीं आज देश और दुनिया में कोरोना के हालातों पर चर्चा करते हुए टी-20 वर्ल्ड कप को स्थगित करने का फैसला लिया है। आईसीसी के फैसले के अनुसार अब इस साल का टी-20 वर्ल्ड कप एक साल बाद यानि 2021 में अक्तूबर और नवंबर के महीने में खेला जाएगा। इसकी वजह से लगातार तीन साल आईसीसी के तीन बड़े टूर्नामेंट का आयोजन होगा।
तीन साल में तीन वर्ल्ड कप
इस साल के टी-20 वर्ल्ड कप के आगे बढ़ने के बाद आईसीसी ने अगले दो वर्ल्ड कप की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। अब साल 2021 में अक्तूबर और नवंबर में सातवें टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा, जिसका फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा। इसके बाद साल 2022 में अक्तूबर और नवंबर के महीने में ही आठवें टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन होगा, इसका फाइनल 13 नवंबर को खेला जाएगा। फिर साल 2023 में अक्तूबर और नवंबर के ही महीने में वनडे वर्ल्ड कप का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका फाइनल मुकाबला 26 नवंबर को खेला जाएगा।
आईपीएल का रास्ता साफ
टी -20 विश्वकप के स्थगित होने के बाद आईपीएल का रास्ता साफ हो गया है। बीसीसीआई ने तटस्थ देश यूएई में आईपीएल के आयोजन का निर्णय लिया है लेकिन इसके लिए जरूरी था कि आईसीसी टी-20 विश्वकप का स्थगित होना। अब तक आईसीसी ने टी-20 विश्वकप स्थगित कर दिया है तो आईपीएल को लेकर बीसीसीआई बड़ा निर्णय कर सकता है।




