बालोद। नकली पिस्टल दिखाकर 2000 रुपए की लूट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने एक घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। घटना गुंडरदेही के जुनवानी से सिकोसा रेलवे स्टेशन के बीच की है। मामले में पुलिस ने प्रीतम गोयल (19) जफर मोहम्मद उर्फ राजा (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक काले रंग का बिना नंबर हीरो एचएफ. डिलक्स मोटर साइकिल, एक भूरे रंग का पर्स, एक ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड आयकर विभाग व आधार कार्ड जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी शशिकांत ठाकुर निवासी झीका अर्जुंदा ने 6 जुलाई की रात को लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि जुनवानी से सिकोसा रेल्वे स्टेशन दनिया रोड़ की तरफ अपने दोस्त मनीष मण्डावी के साथ अपनी एक्टीवा गाडी क्रमांक सीजी 07 बीजी 7516 से जा रहे थे। एक काले रंग की एचएफ. डीलक्स बिना नंबर के वाहन में सवार दो व्यक्ति पिस्टल जैसा दिखने वाले हथियार को कनपटी पर लगाकर पर्स पर रखे 2000 रुपए लूट कर ले गये। शिकायत के बाद एसपी जितेंद्र मीणा, एएसपी दौलत पोर्ते व अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गुण्डरदेही दिनेश सिन्हा के मार्गदश्र्न में गुण्डरदेही पुलिस तत्काल हरकत में आई। घटना स्थल पर मिले साक्ष्यों व प्रार्थी द्वारा बताये गये आरोपी के हुलिए के आधार पर आरोपियों की पता तलाश ग्राम सिकोसा के आस-पास की गई। इस दौरान मुखरिब से आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल की जानकारी मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रीतम गोयल हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले इंकार किया बाद में पुलिस की सख्ती देख सबकुछ उगल दिया। उसने बताया कि जफर खान के साथ मिलकर अपराध कराना स्वीकार किया।




