दुर्ग। शिवनाथ नदी के तट पर निगम क्षेत्र के पेयजल सप्लाई हेतु दो इंटकवेल की व्यवस्था की गई है। जिससे 42 एमएलडी, 11 एमएलडी व 24 एमएलडी क्षमता वाले 3 फिल्टर प्लांट के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति घरों तक की जाती है। वर्षा ऋतु में नदी व नालों के पानी में बढ़ोत्तरी के कारण पुलगांव नाला से लगातार जलकुंभी इंटकवेल में पहुंच रही है। जिस कारण पेयजल सप्लाई बाधित हो रही है। विधायक अरुण वोरा ने महापौर व आयुक्त से चर्चा में कहा है कि पानी अतिआवश्यक सेवा है अमृत मिशन व नदी तथा जल संसाधन में खराबी का सुधार तत्काल किया जाना चाहिए।
विधायक वोरा ने कहा कि वर्षाऋतु में लिकेज व गंदा पानी की शिकायत का निराकरण जल्द हो। साथ ही पुलगांव नाला के डायवर्सन कार्य में शासन से मिली राशि 2.25 करोड़ का उपयोग कर एजेंसी से कार्य प्रारंभ करवाना अतिआवश्यक है। जिससे जनता को पेयजल समस्या से निदान मिल सकें साथ ही अधिकारी जल की व्यवस्था की मॉनिटरिंग लगातार करें। इंटकवेल, फिल्टर प्लाट की मशीनरी व विद्युत से संबंधित समस्या उत्पन्न ना हो एवं स्पायरो के द्वारा स्वविवरणीय भरने में विलंब पर जुर्माना में रोक लगाए जिससे कोरोना के दौरान जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ ना पड़े व अमृत मिशन के कार्यो का शीघ्र निष्पादन करें। आम लोगों के दिनचर्या में निगम से संबंधित मूलभूत सुविधाओं की कमी ना हो यह ध्यान देना आवश्यक है।




