मुंबई(एजेंसी)। कोरोना वायरस महामारी का संकट भारत में हर दिन बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र, दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों में संक्रमितों की संख्या में तेजी देखी जा रही है। कोरोना संक्रमण से देश में सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र अब इस मामले में चीन से भी आगे निकल गया है। पिछले 24 घंटे में अकेले महाराष्ट्र से 3007 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। वहीं, 90 लोगों की मौत हो गई, जिसमें से 61 मुंबई के हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 85975 हो गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 3060 पहुंच गई है।
दुनिया में चीन के वुहान शहर से ही कोरोना वायरस का प्रसार हुआ लेकिन चीन ने कोरोना संक्रमण पर लगभग नियंत्रण पा लिया है। चीन में अभी तक 83,036 लोग ही कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि महाराष्ट्र में यह संख्या 85 हजार से ज्यादा हो चुकी है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। राज्य में अब तक 39,314 कोरोना मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। प्रदेश में मरीजों की रिकवरी की दर 45.72 फीसदी और मृत्युदर 3.55 फीसदी है।
देश भर में संक्रमितों की संख्या ढ़ाई लाख के पार
इधर देश के दूसरे राज्यों में संक्रमितों का मामला भी तेजी से बढ़ रहा है। देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा ढ़ाई लाख के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 9983 मामले सामने आए हैं। यह एक दिन संक्रमितों की सबसे ज्यादा संख्या है। वहीं इस दौरान 208 लोगों की मौत हुई है। इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या 2,56,611 हो गई है। संक्रमण के चलते अब तक 7135 लोगों की जान गई है। इस खतरनाक वायरस से अब तक देश में 1,24,095 लोग ठीक हो चुके हैं।




