भिलाई। रिसाली भांठा स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में दानपेटी से चोरी व भंडार कक्ष में आग लगाने वाले आरोपी को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 25 नवंबर की है। इस मामले में शिकायत के बाद नेवई पुलिस ने आसपास पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान की। इस मामले में नेवई पुलिस ने मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस मामले में प्रदीप महानंद ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि रिसाली भांठा चार टंकी के पास वीर लंगूर भगवान का मंदिर स्थित है। मंदिर के बाजू में लकड़ी के पट्टों से निर्मित कमरे में मंदिर एवं भंडारा से संबंधित बर्तन, राशन, फ्रिज, पलंग, कुर्सी, सोफा, कूलर सहित अन्य सामग्री रखी जाती थी। 25 नवंबर 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे मंदिर में ताला लगाकर प्रार्थी एवं अन्य व्यक्ति अपने घर चले गए थे। 26 नवंबर की सुबह मंदिर पहुंचने पर देखा गया कि मंदिर के बाजू में स्थित कमरे में आग लगी हुई थी, जिससे फ्रिज, भंडारा सामग्री, राशन, पलंग, सोफा, कूलर एवं अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए थे। मंदिर का ताला भी टूटा हुआ था तथा दानपेटी में रखी लगभग 3,000 रुपये की नगदी गायब थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नेवई में 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास के गवाहों से पूछताछ की गई। इस दौरान घटनास्थल के समीप रहने वाले गवाह उत्तम सिंह ठाकुर ने बताया कि 25 नवंबर 2026 की रात तोड़फोड़ की आवाज सुनकर बाहर देखने पर उसने आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को पहचान लिया था। इस आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी मनोज कुमार रात्रे की पतासाजी कर रिसाली भांठा से पकड़ा गया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, महिला प्रधान आरक्षक नूतन साहू, आरक्षक विजय कुर्रे, आरक्षक प्यारेलाल साहू एवं आरक्षक शाहबाज खान का सराहनीय योगदान रहा। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी अथवा आगजनी की घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। अपराध की सूचना समय पर मिलने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई एवं आरोपियों की पहचान करने में सहायता मिलती है।





