अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ सरगुजा जिले में दिवाली के दौरान पटाखा मुंह में फटने से दो साल के मासूम की मौत हो गई। घटना दीपावली के दूसरे दिन यानी 9 नवंबर की है। मासूम ने खेल खेल में पॉपपॉप यानी लहसून पटाखे का पैकेट खा लिया जो कि मुंह में भी फट गया। इससे मामूम को गंभीर चोट आई। परिजनों ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया। 11 नवंबर को मासूम ने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना 9 नवंबर की सुबह सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा गांव में हुई थी। दीपावली के मौके पर आसपास के बच्चे पॉप-पॉप पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान दो वर्षीय आदित्य ने जमीन पर पड़ा एक छोटा पैकेट उठाकर मुंह में रख लिया। लहसून पटाखा बच्चे के मुंह में ही फट गया। इसके कारण उसके मुंह से खून निकलने लगा। बच्चे के पिता इंद्रजीत मांझी व परिजन उसे सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे। खून बहना बंद होने पर वे उसे घर ले आए। अगले दिन फिर से रक्तस्राव शुरू हुआ तो उसे अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद 11 नवंबर की दोपहर अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी रात उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों को बच्चे के गले के अंदर पटाखे के अवशेष भी मिले हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।





