भिलाई। दुर्ग भिलाई के अलग अलग इलाकों में नेशनल हाईवे और व्यस्त मार्गों पर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और आभूषण झपटने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने धर दबोचा है। खुर्सीपार पुलिस, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा अन्य थाना प्रभारियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय और तकनीकी सुरागरसी के चलते इस शातिर अपराधी को दबोचने में सफलता मिली है।
खुर्सीपार क्षेत्र में लगातार हो रही झपटमारी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया था। थाना खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने अन्य संबंधित थानों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मजबूत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संयुक्त टीम द्वारा लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी समन्वित एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप, पुलिस ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी कुम्हारी निवासी लक्ष्मण राव को घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी के पास से 3 लाख 60 हजार से ज्यादा का सामान बरामद किया गया।
आरोपी ने इन क्षेत्रों में की झपटमारी
तुलसी ट्रेडर्स के सामने, खुर्सीपार चौक, थाना खुर्सीपार: आरोपी ने झपट्टा मारकर मोबाइल और जेवरात छीने। डबरा पारा ओवरब्रिज के ऊपर, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार: आरोपी ने बैग छीना, जिसमें नकदी और दस्तावेज थे। नेशनल हाईवे, थाना पुरानी भिलाई: नेशनल हाईवे पर झपटमारी कर मोबाइल छीना गया। नंदनी रोड, थाना जामुल नंदनी रोड पर बैग छीना गया, जिसमें सोने के जेवरात और नकदी थे। पावर हाउस ओवरब्रिज, थाना छावनी: नेशनल हाईवे रोड पर पावर हाउस ओवरब्रिज के ऊपर बैग छीनकर भागा, जिसमें मोबाइल और नगदी थे। चंद्र मौर्य टॉकीज के पास एवं ओवरब्रिज के ऊपर, थाना सुपेला: क्षेत्र में दो वारदातों को अंजाम देकर बैंक दस्तावेज, कार्ड और आभूषण छीने गए।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि भीड़-भाड़ वाली जगह, ब्रिज और सुनसान रास्तों पर चलते समय अपने मोबाइल, पर्स और सोने-चांदी के जेवरात का विशेष ध्यान रखें। बैग को सड़क की तरफ न लटकाएं, मोबाइल पर बात करते हुए सड़क पर न चलें। यदि आपके साथ भी इस तरह की छीना-झपटी की घटना हुई हो, या कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ दिखाई दे, तो तुरंत थाना खुर्सीपार को सूचना दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।





