कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी। घटना करीब 2:15 बजे की है। इसमें तीन जवान घायल हो गए। उन्हें अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो व राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं। एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
शुरुआती जानकारी में 46वीं बटालियन केसीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई थी, हालांकि बाद में सीआरपीएफ ने नाके पर तैनात जवानों पर हमले की पुष्टि की। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





