भिलाई। दुर्ग श्हर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार रात को पुरानी रंजिश में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो नाबालिग व तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी ने मिलकर युवक से मारपीट की और धारदार हथियार से वार किया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। प्रार्थी राजीव नगर निवासी समारू राम देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मृतक चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन का आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर वाद-विवाद हुआ था। विवाद के पश्चात आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर एक राय होकर उक्त घटना को कारित किया. इस हमले में मृतक को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में निरीक्षक नवीन राजपूत द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं (धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2), 331(8) बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- पंकज ठाकुर पिता केदार ठाकुर उम्र 28 वर्ष
- निखिल ठाकुर पिता संदीप ठाकुर उम्र 20 वर्ष
- खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी पिता केदार ठाकुर उम्र 22 वर्ष
- संगीता ठाकुर पति संदीप ठाकुर उम्र 35 वर्ष
- पुष्पा ठाकुर पति लल्ला ठाकुर उम्र 30 वर्ष
- योगिता ठाकुर पिता संदीप ठाकुर उम्र 18 वर्ष
- संदीप ठाकुर पिता मालिक राम ठाकुर उम्र 42 वर्ष
- सत्या साहू पिता स्वर साहू उम्र 18 वर्ष





