नईदिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2027 का टाइमटेबल जारी कर दिया है। बोर्ड ने शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर विषयवार परीक्षा कार्यक्रम उपलब्ध कराया। जारी डेटशीट के अनुसार, दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च तक, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड के अनुसार, कक्षा 10वीं के 83 विषयों और कक्षा 12वीं के 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी चुनी हुई विषय सूची के अनुसार परीक्षा की तारीख और समय का मिलान जरूर कर लें। परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र यहां विषयवार परीक्षा तारीखें, प्रैक्टिकल शेड्यूल और डेटशीट डाउनलोड करने का तरीका देख सकते हैं।
इसके साथ ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक, शीतकालीन सत्र वाले स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट 9 नवंबर से शुरू होंगे। इनका आयोजन 19 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। सीबीएसई ने परीक्षा के आयोजन को लेकर स्कूलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।





