सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले की लटोरी चौकी पुलिस ने कपड़ा दुकान में साड़ी खरीदने के बहाने चोरी करने वाले गिरोह के 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की गई लगभग 36,000 रुपये मूल्य की साड़ियां बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। यह पूरा मामला करवां गांव का है, जहां 17 अक्तूबर की शाम आरोपियों ने एक दुकान और गोदाम से साड़ियों की चोरी की थी।
लटोरी-करवां मार्ग पर स्थित कपड़ा दुकान में 17 अक्तूबर की शाम दो कारों में सवार होकर कुछ महिलाएं पहुंचीं। इन महिलाओं ने दुकान के अंदर प्रवेश करते ही दुकानदार को अलग-अलग किस्म की साड़ियां दिखाने के काम में उलझाए रखा। जब दुकानदार उन्हें साड़ियां दिखाने में व्यस्त था, उसी दौरान महिलाओं ने उसकी नजर बचाकर बहुत ही चालाकी से साड़ियों के बंडल गायब कर दिए। आरोपियों ने दुकान के साथ लगे गोदाम से भी साड़ियों के कई बंडल चुरा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी महिलाएं अपनी कारों में बैठकर मौके से फरार हो गईं।
ऐसे हुआ चोरी का खुलासा
महिलाओं के दुकान से जाने के बाद जब दुकानदार ने अपनी दुकान और गोदाम में रखी साड़ियों के स्टॉक का मिलान किया, तो उसे साड़ियों के कई बंडल गायब मिले। पूरे स्टॉक की जांच करने पर उसे लगभग 36,000 रुपये कीमत की साड़ियां चोरी होने की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद पीड़ित दुकानदार ने लटोरी चौकी पुलिस के पास पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी।




