अंबिकापुर। दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करना शहर की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को भारी पड़ गया। दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करने के साथ ही अश्लील व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में शहर की आकांक्षा टोप्पो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने बुधवार दोपहर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने इस मामले में होली क्रॉस कॉलेज के व्याख्याता अकील अहमद अंसारी समेत कुछ अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
इस मामले में शहर के गंगापुर निवासी शैलेंद्र शर्मा ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। कोतवाली पुलिस ने 4 अक्तूबर एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो, व्याख्याता अकील अहमद अंसारी और कुछ सोशल मीडिया चैनलों के संचालकों ने दुष्कर्म पीड़िता की परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाया। आरोप है कि इन लोगों ने पीड़िता की गोपनीयता का उल्लंघन करते हुए उसकी पहचान और निजी जानकारियां सार्वजनिक मंचों पर उजागर कीं। इससे पीड़िता की सामाजिक प्रतिष्ठा और गरिमा को नुकसान पहुंचा।
शिकायत के अनुसार पीड़िता का साक्षात्कार लेते समय उससे उसके निजी अंगों से संबंधित अमर्यादित और आपत्तिजनक सवाल पूछे गए। इसके बाद साक्षात्कार का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आकांक्षा टोप्पो अपने सोशल मीडिया खातों के माध्यम से अभद्र भाषा, गाली-गलौज और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करती रही हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इन गतिविधियों से पीड़िता की निजता का उल्लंघन हुआ और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।




