खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर ओड़िशा से यूपी ले जा रहा था तस्कर
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गांजा तस्करी मामले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में ओड़िशा से यूपी जा रहे एक आयशर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में बोतलों से भरी बोरिया रखी हुई थी और उसके नीचे गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने 6 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया गया। जब्त गांजा की कीमत 3 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। दो दिन पहले भी तपकरा पुलिस ने लावाकेरा में 440.630 किलो गांजा बरामद किया था।
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा द्वारा रेंज के सभी जिलों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम एवं तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा डीएसपी शुभम तिवारी व एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी के पर्यवेक्षण में जशपुर पुलिस द्वारा नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा जिले में अपने मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करते हुए उड़ीसा सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में रविवार की सुबह करीब 10.00 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से तस्करों द्वारा ट्रक में ऊपर की ओर खाली बोतल की शीशियों से भरी बोरियां रखी गई थीं।
पुलिस टीम द्वारा इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई, तो उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जांच करने पर कुल 20 बोरियों में 597 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 06 क्विंटल 32 किलो 380 ग्राम (632.380 किलो) पाया गया। ट्रक में बैठे जिला बहराईच (उत्तर प्रदेश) निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच (उत्तर प्रदेश) बताया। आरोपी ने बताया कि वह उक्त गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से 632.380 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839, 02 मोबाइल फोन एवं 3,000 रुपये नगद विधिवत जब्त किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 03 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये तथा जप्त मोबाइल फोन की कीमत लगभग 25 हजार रुपये है। नगदी सहित प्रकरण में कुल 03 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जब्ती की गई है। मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से खरीदा गया था, उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था तथा तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं। मामले में पुलिस द्वारा एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। प्रकरण में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एस डी ओ पी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी,थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, प्रेम सिंह, आरक्षक नंदलाल यादव, अविनाश सोनी, रोशन पैंकरा, बलराम पैंकरा, कृष्णा राम, शिवशंकर राम, विनोद तिर्की सहित जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर कोआर्डिनेशन के साथ नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। जशपुर पुलिस द्वारा जिले में होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस टीम की सतर्कता एवं बेहतर समन्वय से टाटा आईसर ट्रक से 06 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों द्वारा पुलिस को चकमा देने के लिए खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया है।





