भिलाई। ग्राम समोदा स्थित गोदाम से करीब 98,000 रुपए कीमत की निर्माण सामग्री चोरी करने वाले आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। चोरी का विरोध करने पर प्रार्थी के पैर में लोहे के पाइप से चोट पहुंचाने वाले आरोपी की पहचान कर घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय एवं 03 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने चोरी के सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी विमल कुमार ताम्रकार (52) निवासी तमेर पारा, किला दुर्ग द्वारा 29 सितंबर को चौकी जेवरा सिरसा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ग्राम समोदा नदी रोड स्थित उनके खेत के गोदाम में सिविल ठेकेदारी से संबंधित सामग्री रखी थी। दिनांक 28.09.2026 की रात्रि लगभग 11:38 बजे मोबाइल के माध्यम से गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर वे अपने निवास दुर्ग से ग्राम समोदा स्थित गोदाम पहुंचे।
रात्रि लगभग 12:25 बजे गोदाम पहुंचने पर कुछ व्यक्ति सामान चोरी कर ले जाते दिखाई दिए। उन्हें पकड़ने का प्रयास करने पर एक आरोपी द्वारा लोहे के पाइप से प्रार्थी के बाएं पैर के घुटने के नीचे चोट पहुंचाई गई। आरोपीगण गोदाम से विभिन्न निर्माण सामग्री चोरी कर फरार हो गए। रिपोर्ट पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 853/2026, धारा 307, 331(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान नामजद आरोपी लोकेश चन्द्राकर एवं भगवंत देशमुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की गई तथा चोरी की सामग्री को कबाड़ी के पास बेचे जाने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस द्वारा आरोपियों एवं चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी से चोरी की सामग्री तथा बिक्री से प्राप्त रकम बरामद कर जप्त की गई। प्रकरण में कुल 06 आरोपियों को दिनांक 30.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। 03 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में आरोपी वासु निषाद एवं गिरवर यादव घटना दिनांक से फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में चौकी जेवरा सिरसा में पदस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके द्वारा त्वरित सूचना संकलन, आरोपियों की पतासाजी, पूछताछ एवं चोरी की सामग्री की बरामदगी हेतु कार्रवाई की गई। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने गोदाम, खेत, निर्माण स्थल एवं अन्य संपत्तियों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा चोरी की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना/चौकी को दें। अपराध की सूचना समय पर मिलने से पुलिस को आरोपियों की पहचान एवं चोरी की संपत्ति की बरामदगी में सहायता मिलती है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- लोकेश चन्द्राकर, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी ग्राम समोदा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- भगवंत देशमुख, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम समोदा, गौरा चौरा के पास, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- ताकेश देशमुख, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम भेंगारी, गुण्डेडा, जिला बालोद, वर्तमान पता नरेन्द्र किराना स्टोर्स, गांधी चौक के पास, ग्राम समोदा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- योगेश निषाद उर्फ बाऊ, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम समोदा, पंचायत भवन के सामने, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- पिलेश्वर उर्फ प्रवीण देशमुख, उम्र 18 वर्ष 8 माह, निवासी ग्राम समोदा, लीम चौरा के पास, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- अनुप मिश्रा उर्फ राजू, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम सिरसाखुर्द, दईहान के पास, मंच के पास, देवार पारा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- तीन नाबालिग





