भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को विवाद के बाद युवक को पिकअप से कुचलकर मारने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 DC 6706 को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कैलाश नगर निवासी नारायण सिंह के पुत्र अंकित सिंह के जन्मदिन के अवसर पर 25 सितंबर की रात्रि लगभग 11:30 बजे गोपी अपने पिकअप वाहन में अन्य साथियों के साथ ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास आया था। अंकित सिंह एवं गोपी के बीच कुछ विवाद हुआ। विवाद के दौरान गोपी द्वारा अंकित से गाली-गलौज की गई तथा पिकअप वाहन को तेज एवं खतरनाक तरीके से चलाते हुए अंकित के ऊपर चढ़ा दिया गया। घटना के बाद गोपी व उसके साथी मौके से फरार हो गए।
अंकित सिंह को उसके साथियों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश एवं घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG-07, DC 6706 जब्त किया गया। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
उक्त प्रकरण में थाना जामुल पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों की पहचान, तलाश एवं घेराबंदी कर गिरफ्तारी तथा घटना में प्रयुक्त वाहन की जप्ती की गई। कार्यवाही में थाना जामुल में पदस्थ अधिकारी/कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा किसी भी प्रकार के विवाद या हिंसक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वाहन का संचालन सदैव सुरक्षित एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, उम्र 23 वर्ष, निवासी एलआईजी 80, पम्प हाउस के पास, ढांचा भवन, कुरूद, थाना जामुल, जिला-दुर्ग।
- गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन, उम्र 24 वर्ष, निवासी कैलाश नगर, भिलाई, जिला-दुर्ग।
- मिलिंद साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी एसीसी चौक, नंदिनी रोड, जामुल, जिला-दुर्ग।
- शुभम शर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी गोकुल नगर, थाना जामुल, जिला-दुर्ग।



