भिलाई। शेयर ट्रेडिंग एवं गोल्ड लोन व्यवसाय के नाम पर 15 लाख की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के नाम पर डीमैट खाता खुलवाया और शेयर जमा करने का वचन देकर फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए। शेयर ट्रेडिंग एवं गोल्ड लोन व्यवसाय के नाम पर प्रार्थी से 15,00,000 लेकर धोखाधड़ी की। इस मामले में एफआईआर के बाद पुलिस ने आरोपी यतेंद्र सिंह डहरिया उर्फ शिबू की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में मैत्री नगर रिसाली निवासी अभिषेक जैन द्वारा थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के अनुसार यतेंद्र सिंह डहरिया द्वारा मार्च 2024 में स्वयं को मोतीलाल ओसवाल का ब्रोकर एवं गोल्ड लोन व्यवसाय से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए शेयर ट्रेडिंग के नाम पर उसकी पत्नी निकिता जैन के नाम से डीमैट खाता खुलवाया। आरोपी द्वारा CDSL में शेयर जमा करने का वचन देकर फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए तथा प्रार्थी से 15 लाख रुपए लेकर धोखाधड़ी की गई।
प्रकरण में प्रार्थी के परिचित विक्की सिंह संधू, विश्वजीत सिकदार एवं माधव ताण्डी द्वारा गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए आभूषणों को अन्यत्र बेचकर धोखाधड़ी किए जाने संबंधी तथ्य भी सामने आए। शिकायत पर थाना छावनी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी यतेंद्र सिंह डहरिया उर्फ शिबू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय दुर्ग के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में थाना छावनी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि शेयर ट्रेडिंग, डीमैट खाता, गोल्ड लोन अथवा अन्य वित्तीय लेन-देन से संबंधित किसी भी व्यक्ति या संस्था पर विश्वास करने से पूर्व उसकी अधिकृतता एवं दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करें। संदिग्ध वित्तीय गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।



