भिलाई। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पिछले साल अप्रैल में मासूम से दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। इस पूरे मामले की जांच कर आरोपी को फांसी की सजा तक पहुंचाने वाली विवेचना टीम को दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने सम्मानित किया है। एसएसपी विजय अग्रवाल द्वारा विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान कर टीम के प्रयासों को सराहा गया।
विवेचना में DNA, FSL, चिकित्सकीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के समन्वित संकलन से प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। जांच टीम में पद्मश्री तंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आईयूसीएडब्ल्यू, निरीक्षक शिवप्रसाद चन्द्रा थाना प्रभारी मोहन नगर, निरीक्षक श्रद्धा पाठक थाना प्रभारी महिला थाना, उप निरीक्षक चेतन चन्द्राकर, थाना प्रभारी छावनी, उप निरीक्षक पारस ठाकुर, थाना मोहन नगर, सउनि राजेन्द्र देशमुख, सउनि संगीता मिश्रा तथा थाना मोहन नगर तथा एसीसीयू दुर्ग के संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं उप पुलिस अधीक्षक, हेडक्वार्टर उपस्थित रहे।



