भिलाई। नाबालिग को धमकी देकर उसे अपने मामा के घर में चोरी करवाने वाले पार्षद पुत्र सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीन माह पुराने मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खासबात यह है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की संलिप्तता एक अन्य चोरी के मामले में भी सामने आई। दोनों मामलों में लगभग 8 लाख रुपए का मशरुका पुलिस ने बरामद किया है।
दरअसल इस मामले में मोहम्मद मोहसिन खान निवासी दुर्गानगर जुनवानी रोड द्वारा चौकी स्मृतिनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि करीब 2-3 माह पूर्व उसके 17 वर्षीय नाबालिग भांजे को कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के पुत्र अनुराग कुर्रे एवं उसके साथी करन सोनी और रोहित गुप्ता द्वारा धमकी देकर घर से सोने के जेवरात लाने के लिए दबाव बनाया गया। उसके माध्यम से प्रार्थी के घर से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की कान की बाली एवं एक सोने का मंगलसूत्र चोरी कराया गया।

रिपोर्ट पर धारा 351(3), 305(ए), 95, 61(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर आरोपियों की निशानदेही से चोरी के सोने के जेवरात सहित चौकी स्मृतिनगर के अन्य अपराध से संबंधित चोरी की मशरूका भी बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में अनुराग कुर्रे, करन सोनी और रोहित गुप्ता को गिरफ्तार जेल भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की कान की बाली एवं एक सोने का मंगलसूत्र सहित अन्य चोरी की मशरूका बरामद किया है। दोनों प्रकरणों में कुल लगभग 8,00,000 रुपये की मशरूका जब्त किया गया। उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम की त्वरित पतासाजी, पूछताछ एवं विवेचनात्मक कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा दोनों अपराधों को आपस में जोड़कर चोरी की मशरूका की बरामदगी सुनिश्चित करते हुए आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।




