भिलाई। छावनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जीई रोड स्थित खंडहर पावर हाउस में रेड कार्रवाई कर अवैध रूप से नशीली दवाई बेचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 500 नग (NRX) ALPRAZOLAM TABLETS IP 0.5 MG नशीली टैबलेट एवं बिक्री की नगद राशि सहित कुल 2,00,550 मूल्य की सामग्री जप्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
बता दें दुर्ग पुलिस द्वारा नशीली दवाइयों एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को थाना छावनी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जीई रोड स्थित हीरो शोरूम के पीछे खंडहर पावर हाउस परिसर में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाई का विक्रय कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।

रेड कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 500 नग (NRX) ALPRAZOLAM TABLETS IP 0.5 MG नशीली टैबलेट, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,00,000/- तथा बिक्री की नगद राशि ₹550/- कुल जुमला ₹2,00,550/- बरामद कर विधिवत जप्त की गई। प्रकरण में अपराध क्रमांक 514/2026 पंजीबद्ध कर धारा 22(सी), 27A एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को माननीय न्यायालय दुर्ग में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कमल थापा (29) निवासी मिलन चौक कैम्प-02, प्रदीप साहू (34) निवासी न्यू गणेश चौक, कैम्प-02 तथा शहनवाज आलम उर्फ बिन्नी (26) निवासी शारदा पारा कैम्प-02 शामिल हैं। उक्त कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की त्वरित सूचना संकलन, योजनाबद्ध घेराबंदी एवं प्रभावी रेड कार्रवाई सराहनीय रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार की किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




