भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के टाउनशिप में रिटेंसन स्कीम व लीजधारी परिवारों को मिल रहे नोटिस को लेकर विधायक देवेन्द्र यादव ने प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है। मंगलवार को मीडिया से चर्चा के दौरान विधायक देवेन्द्र यादव ने कहा है कि भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन टाउनशिप के लोगों से मकान न खाली कराए। यदि ऐसा होता है तो आने वाले समय में वृहद आंदोलन किया जाएगा।
विधायक देवेन्द्र यादव ने कहा है कि भिलाई स्टील प्लांट द्वारा रीटेंसन स्कीम का हल नहीं निकाला गया। यहां रहने वालों को नोटिस भेजा जा रहा है। भिलाई में ऐसी चर्चाएं हो रही हैं कि प्रबंधन बीएसपी टाउनशिप की बसाहट को खत्म करना चाहता है। टाउनशिप के आधे एरिया को खाली कर प्राइवेट बिल्डर को देने की चर्चा हो रही है जिसके कारण यहां रहने वाले लोगों में आक्रोश है।
विधायक देवेन्द्र ने कहा है कि पिछले दिनों सत्याग्रह के दौरान बीएसपी प्रबंधन से जिला प्रशासन की मौजूदगी में बात हुई टाउनशिप का क्या कर रहे हैं इसकी जानकारी जिला प्रशासन को देंगे। इसकी जगह लोगों को नोटिस मिल रहे हैं। हम चाहते हैं बीएसपी प्रबंधन सेल व केन्द्र सरकार इस बात को समझे। भिलाई टाउनशिप में हमारा बचपन बीता है और हम यहां की बसाहट को खत्म नहीं होने देंगे। यहां रहने वालों को यहा रहने दिया जाए इनके मकान खाली न कराया जाए।
विधायक देवेन्द्र ने कहा है कि जितने भी परिवारों को नोटिस मिला है सभी के घर पर जाएंगे। लगभग 10 हजार परिवार इससे प्रभावित हो रहे हैं। हम लोगों के पास जाएंगे और उनका समर्थन लेकर वृहद आंदोलन आने वाले समय में करेंगे। विधायक ने कहा कि हम प्रबंधन के खिलाफ मैदानी लड़ाई लडेंगे गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेंगे। हमारे शहर को हम किसी को नहीं देने देंगे। उन्होंने कहा हमें एकजुट होकर भिलाई की संस्कृति को बचाने के लिए आगे आना चाहिए।




