पुरानी रंजिश का मामला, आरोपियों की तलाश में पुलिस
भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत घासीदास नगर में मंगलवार की रात को एक परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। 10 से 15 की संख्या में पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने लाठी डंडे व चाकू से हमला किया। इस बवाल के दौरान आस पड़ोस के लोग बचाव के लिए पहुंचे लेकिन उनपर हमला हुआ। इस पूरी घटना में गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड 23 घासीदास नगर निवासी दीपक साहू और उनके परिवार मंगलवार की राज को अज्ञात हमलावरों ने धावा बोल दिया। 10 से 15 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने घर में घुसकर भारी उत्पात मचाया। इस दौरान पड़ोस के लोग भी बीच बचाव करने पहुंचे तो उनपर भी हमला कर दिया। दीपक साहू के पड़ोसी सतीश मार्कण्डेय और गर्भवती महिला आरती साहू इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। वहीं दीपक साहू के परिवार के लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद सभी बदमाश भाग गए।
इघर घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस दलबल के साथ पहुंची। जब तक पुलिस पहुंचती सभी हमलावर वहां से भाग चुके थे। आनन फानन में सभी घायलों को सीसीएम मेडिकल कालेज ले जाया गया। वहां से सभी को शंकराचार्य मेडिकल कॉल् अस्पताल रेफर किया गया। रात को अचानक हुए इस हमले के बाद घासीदास नगर के लोगों में आक्रोश है और रात को ही मोहल्ले वाले थाने का घेराव करने पहुंचे। लोगों ने हमलावर बदमाशों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।
स्कूटी जलाने से शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की शुरूआत दो दिन पहले मोहल्ले में एक स्कूटी के जलने से शुरू हुआ था। दीपक साहू के घर क बाहर स्कूटी को आग लगाने के मामले में जामुल पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार किया था। आशंका जताई जा रही है जमानत मिलने के बाद उसी नाबालिग ने बदले की नीयत से मंगलवार की रात को अपने साथियों के साथ दीपक साहू के परिवार पर हमला कर दिया। इधर इस पूरे मामले में जामुल थाना प्रभारी रामेन सिंह का कहना है कि हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




