भिलाई। दुर्गा मंदिर जामुल स्थित दुकान के ड्रॉज का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की गई। चोरी की गई राशि में से 99,500 रुपये नगद बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
इस मामले में ओम प्रकाश साहू, निवासी दुर्गा मंदिर जामुल द्वारा थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 14.06.2026 को सुबह लगभग 11:35 बजे वह अपनी दुकान खोलकर कुछ दूरी पर गया था। वापस लौटने पर उसने देखा कि दुकान के ड्रॉज का ताला टूटा हुआ था तथा उसमें रखी नगदी रकम 1,23,000 रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जामुल में धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया। संदेही मोह. जुनैद को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना करना स्वीकार किया तथा उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 99,500 रुपये बरामद किए गए। शेष राशि आरोपी द्वारा खर्च करना बताया गया। आरोपी को दिनांक 16.06.2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में थाना जामुल पुलिस टीम की सक्रियता, मुखबिर तंत्र के प्रभावी उपयोग एवं सीसीटीवी फुटेज के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि दुकान, प्रतिष्ठान एवं मकानों में नगदी राशि सुरक्षित स्थान पर रखें तथा सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपायों का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




