बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने सो रहे अपने पति का प्राइवेट पार्ट हसिए से काटकर अलग कर दिया। खून से लथपथ पति चीखते हुए कमरे से बाहर निकला। घर वालों ने देखा तो उसे और उसके कटे अंग लेकर अस्पताल पहुंचे। फिलहाल पति का इलाज जारी है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपिया पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला चकरभाटा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल पत्नी को शक था कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ अफेयर चल रहा है। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पेशे से राजमिस्त्री चकरभाठा बस्ती निवासी राजेश कौशिक घटना दिनांक यानी 22 मई शुक्रवार को शराब के नशे में घर पहुंचा। इस दौरान उसकी पत्नी द्रौपदी बाई ने विवाद शुरू कर दिया। कुछ देर बाद राजेश कौशिक खाना खाकर सो गया।
देर रात करीब 1 बजे पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर द्रौपदी बाई ने हंसिया निकाल कर पति पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने अपने पति का प्राइवेट पार्ट काट दिया। खून से लथपथ राजेश चीखते-चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकला। घटना के बाद रिश्तेदार घायल राजमिस्त्री और उसके कटे हुए अंग को लेकर सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। वहीं पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।




