जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार आधीरात को नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता के घर में घुसकर फायरिंग की। इस गोलीबारी में कांग्रेस नेता के बेटे की मौके पर मौत हो गई और एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग के बाद सभी नकाबपोश फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना से क्षेत्र मे दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरूवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। तीन नकाबपोश बदमाश कांग्रेस नेता व सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस आए। बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में सम्मेलाल के बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आयुष के छोटे भाई आशुतोष कश्यप को भी गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, साइबर दल और न्यायिक विज्ञान दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। सम्मेलाल की बेटी ने बताया कि हमलावर नकाब पहने हुए थे। उन्होंने सीधे आयुष को निशाना बनाया और पहले उसे गोली मारी। इसके बाद छोटे भाई पर भी फायरिंग की गई। प्रेरणा ने यह भी बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले कुछ युवक आयुष के बारे में पूछताछ करने गांव आए थे। आशंका जताई जा रही है कि रेत कारोबार से जुड़े विवाद के कारण यह वारदात हुई है। आयुष हाल ही में रेत के काम में सक्रिय हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।




