दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक बीएड छात्रा की हत्या के मामले में उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरअसल दूसरे से अफेयर के शक में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को मार दिया। प्रेमिका ने उसका फोन नहीं उठाया जिससे उसे शक हुआ और इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया। मृतिका की पहचान यूनेश्वरी वर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से खैरागढ़ जिले की निवासी थी।

मिली जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत एक युवती की संदिग्ध मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कार्तिक राम साहू (27), निवासी देंगरापार जिला बालोद ने अपनी परिचित युनेश्वरी वर्मा (26) निवासी खैरागढ़ को पुलगांव स्थित किराये के कमरे से सुभाष नगर पद्मनाभपुर स्थित अपने किराये के कमरे में लेकर गया। दोनों के बीच प्रेम संबंध था और युवक को शक था कि युवती का किसी अन्य से अफेयर है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद पुलिस ने कार्तिक राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में धारा 103(1) BNS के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विस्तृत विवेचना की जा रही है। उक्त कार्यवाही में थाना पद्मनाभपुर के पुलिस स्टाफ द्वारा त्वरित कार्रवाई एवं साक्ष्य संकलन में प्रभावी भूमिका निभाई गई।




