रायपुर। राजधानी रायपुर में महिला पुलिस आरक्षक की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। पुलिस क्वार्टर में महिला आरक्षक की फंदे पर लटकती लाश मिली। शनिवार रात को पुलिस को इसकी जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार पूजा कुशवाहा पुलिस क्वार्टर में अकेली रहती थी। शनिवार करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि क्वार्टर के अंदर एक महिला फंदे पर लटकी हुई है। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो महिला आरक्षक पूजा कुशवाहा का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसे नीचे उतारकर जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस इसे हर एंगल से जांच रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला आरक्षक किसी मानसिक तनाव या व्यक्तिगत कारणों से जूझ रही थी या नहीं। साथ ही उनके सहकर्मियों और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।




