रायपुर। सीजी बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं पूर्ण होने के बाद अब परिणाम का इंतजार है। मूल्यांकन कर्ताओं ने लगभग कॉपियां जांच ली हैं और जल्द ही परिणाम भी घोषित होंगे। इस बीच आन्सरशीट जांच के दौरान स्टूडेंट्स की अजीबों गरीब गुहार चर्चा में है। दरअसल छात्रों ने पास करने की गुहार लगाते हुए अलग अलग बहाने बनाए हैं।

बता दें इस बार सीजी बोर्ड 10वीं में 3 लाख 23 हजार 687 और 12वीं में 2 लाख 46 हजार 862 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हुए थे। परीक्षाएं पूर्ण होने के बाद हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की कुल 2,66,173 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। जांच के दौरान आन्सरशीट में कुछ स्टूडेंट्स ने आंसर की जगह अजीबो-गरीब अपीलें और इमोशनल मैसेज लिखा है।
एक छात्रा ने लिखा कि गरीब बेटी की शादी तय हो गई है, 33 अंक देकर कन्या को आशीर्वाद देने की कृपा करें। एक और छात्रा ने अपनी कॉपी में लिखा है कि, सर मेरी शादी होने वाली है, अगर मैं फेल हो गई तो शादी नहीं होगी, कृपया पास कर दीजिए। एक छात्र ने पूरा हनुमान चालीसा लिख दिया और कहा कि, अगर आप हनुमानजी के भक्त हैं, तो पास कर दीजिए। किसी ने लिखा कि, वह नीट की तैयारी में व्यस्त था, इसलिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी नहीं कर सका, इसलिए पास कर दिया जाए। इसके अलावा भी कई स्टूडेंट्स ने पास करने की गुहार लगाई।




