भिलाई। नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के रहने वाले यह तस्कर भिलाई में बेचने बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर पहुंचे और हाउसिंग बोर्ड में किराए पर रह रहे थे। इनके पास से 91.9 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) कुल कीमती 18,69,000 रुपए जब्त किया गया है। सभी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में एक किराए का मकान लेकर यह अवैध धंधा कर रहे थे।

दरअसल शुक्रवार को मुखबिर के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड भिलाई क्षेत्र में किराये के मकान में अवैध रूप से मादक पदार्थ हेरोईन (चिट्टा) रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना जामुल पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की गई।
रेड कार्यवाही के दौरान मौके से चार आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से कुल 91.9 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) कीमती 18 लाख 69 हजार रुपए एवं नगदी रकम 31000 रुपए जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा उक्त मादक पदार्थ को अमृतसर (पंजाब) से लाकर भिलाई में बिक्री करना बताया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(ख), 27(क) NDPS एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उक्त कार्यवाही में थाना जामुल पुलिस एवं एसीसीयू टीम के अधिकारियों/कर्मचारियों की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही, जिनके द्वारा त्वरित सूचना पर प्रभावी कार्रवाई की गई। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पकड़े गए आरोपी
- राजविन्दर कौर, उम्र 19 वर्ष, निवासी भौदपुर थाना तरसिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब)
- राजवीर सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी मजिठा रोड लक्ष्मी विहार गली नं. 05 थाना मजिठा रोड, जिला अमृतसर (पंजाब)
- कुलदीप सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी तरसिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब)
- लवप्रीत सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी भौदपुर थाना तरसिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब)




