रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है। उन्होंने अपनी बेटी डॉ. कंचन जायसवाल के विवाह का निमंत्रण देने के लिए सपरिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात दिल्ली स्थित संसद भवन में हुई, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री का आशीर्वाद लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जायसवाल परिवार से बेहद आत्मीयता के साथ भेंट की। मंत्री जायसवाल अपनी पत्नी कांति जायसवाल, बेटी डॉ. कंचन जायसवाल और दोनों बेटों उत्तम जायसवाल व अमित जायसवाल के साथ उपस्थित हुए। प्रधानमंत्री ने उन्हें स्नेहिल आशीर्वाद दिया। यह क्षण जायसवाल परिवार के लिए अत्यंत भावुक और यादगार रहा। पीएम मोदी ने डॉ. कंचन के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। प्रधानमंत्री ने उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। उनके इस सहज और अपनत्व भरे व्यवहार से पूरा जायसवाल परिवार भाव-विभोर हो गया।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व को अद्भुत बताया। उन्होंने उनके अनुशासन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अभिभावक के रूप में स्नेहिल व्यवहार की सराहना की। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिला आशीर्वाद उनकी बिटिया के लिए अनमोल है। डॉ. कंचन जायसवाल का रिश्ता इंदौर के रहने वाले एक पायलट के साथ तय हुआ है। शादी की तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।




