रायपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक और इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री मोदी अब देश के सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेता बन गए हैं। हेड ऑफ गवर्नमेंट के रूप में पीएम मोदी ने 8931 दिन पूरे कर लिए। इस मामले में उन्होंने सिक्किम के पूर्व सीएम पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ दिया है। पवन चामलिंग के नाम 8930 दिन तक सीएम पद संभालने का रिकार्ड था।

17 सितंबर को जन्मे नरेंद्र मोदी 6 साल की उम्र में ही कांग्रेस की ओर से महागुजरात आंदोलन का हिस्सा बने। फिर 8 साल की उम्र में RSS से जुड़ गए थे। 7 अक्टूबर 2001 को 51 साल की उम्र में बिना विधायक बने ही मोदी गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री बने। इसके बाद वे 2002 में, 2007 में और फिर 2012 में गुजरात के मुख्यमंत्री चुने गए। अपने राजनीतिक सफर के 24 सालों में से पीएम मोदी 14 साल गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। पिछले 11 साल से वे देश के प्रधानमंत्री हैं। यह उनका तीसरा कार्यकाल है।
पीएम के तौर पर अब भी नेहरू से पीछे
नरेंद्र मोदी भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे PM भी हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिनों (24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977) का रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। 22 मार्च 2026 तक बतौर प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी 4318 पूरे कर चुके हैं। हालांकि सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम है। वे 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक यानी लगातार कुल 6126 दिन तक इस पद पर रहे। PM मोदी नेहरू के रिकॉर्ड से 1812 दिन पीछे हैं। रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 2029 के बाद भी PM रहना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा- तप, त्याग और राष्ट्रसेवा के 8931 दिन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस रिकार्ड पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा यह केवल समय की गणना नहीं, बल्कि भारत के प्रति अखंड समर्पण की एक प्रेरणादायी यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामाजिक जीवन का हर क्षण “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प को साकार करने एवं गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग की सेवा में पूर्णतः समर्पित रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सुशासन और विकास का मजबूत आधार स्थापित करते हुए, प्रधानमंत्री के रूप में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हुए, आपने जनसेवा की एक नई परिभाषा लिखी है। आपके नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल एक नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति का प्रतीक बन गया है। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने का प्रयास और भारत को आत्मनिर्भर व वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने की आपकी दूरदृष्टि, हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आपने जनसेवा का एक नया अध्याय लिखा है और उससे भी बढ़कर करोड़ों देशवासियों के हृदय में अटूट विश्वास और आशा का दीप प्रज्जवलित किया है।




