भिलाई। दुर्ग जिले में यातायात नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। शहर की सड़के ITMS कैमरों की निगरानी में है और 24 घंटे इस पर नजर रखी जा रही है। पुलिस जांच के दौरान बचकर निकलने वालों पर खास नजर रहती है। इस वर्ष जनवरी से अब तक 8926 से अधिक ई-चालान जारी किए गए। ट्रैफिक रूल्स तोड़ने वाले खुद ही पहुंचकर चालान भी पटा रहे हैंञ

दुर्ग जिले में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के अंतर्गत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर अत्याधुनिक कैमरे स्थापित कर 24×7 निगरानी की जा रही है। इस प्रणाली के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर बिना मौके पर रोके ही ई-चालान की कार्यवाही की जा रही है, जो सीधे वाहन मालिक के पते एवं मोबाइल पर प्रेषित किया जा रहा है।
विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, विपरीत दिशा में वाहन चलाना एवं चेकिंग के दौरान पुलिस से बचने हेतु वाहन मोड़कर भागने जैसे मामलों में भी कैमरों के माध्यम से सटीक पहचान कर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। ITMS प्रणाली के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक 8926 से अधिक ई-चालान जारी किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई पूर्णतः पारदर्शी, प्रमाण आधारित एवं प्रभावी है, जिससे यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित एवं सुरक्षित बनाया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, निर्धारित दिशा में वाहन चलाएं एवं ओवरलोडिंग व तीन सवारी से बचें। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा यह सभी की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।




