मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 विश्वकप 2026 में जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम के लिए बड़ी इनामी राशि का एलान किया है। मंगलवार को बोर्ड ने भारतीय दल को 131 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस राशि में 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सपोर्ट स्टाफ को शामिल किया गया है। इनाम की रकम में सबसे बड़ा हिस्सा खिलाड़ियों को मिलेगा, जबकि सपोर्ट स्टाफ को मिलने वाली राशि उनकी जिम्मेदारी और पद के अनुसार तय की जाएगी।

बता दें भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। टीम इंडिया ने इस जीत के साथ न सिर्फ अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाया, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई। इस जीत के साथ भारत पुरुष टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया। भारत ने पहली बार लगातार तीन आईसीसी ट्रॉफीज भी जीती हैं। 2024 टी20 विश्वकप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद यह टी20 विश्वकप भी अपने नाम किया और भारत का दबदबा पूरी दुनिया में कायम किया।
पिछले विश्वकप के मुकाबले बढ़ी राशि
इस बार घोषित 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद दिए गए 125 करोड़ रुपये से ज्यादा है। यानी इस बार बोर्ड ने पिछले पुरस्कार की तुलना में छह करोड़ रुपये अधिक देने का फैसला किया है। इधर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीम को बधाई देते हुए कहा, ‘बोर्ड खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य के लिए उन्हें लगातार सफलता की शुभकामनाएं देता है।




