रायपुर। राजधानी रायपुर में होली के दिन हुडदंगियों ने युवक पर हमला किया और चाकू मारकर फरार हो गए। युवक अपने साथियों के साथ होली मनाने बाइक पर निकला था। इस दौरान मोहल्ले में हुड़दंग कर रहे युवकों ने विवाद के बाद चाकू मार दिया। मृतक की पहचान 18 वर्षीय नीरज लोधी के रूप में हुई है। घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर चौक निवासी नीरज लोधी बुधवार को अपने दोस्तों के साथ बाइक पर होली मनाने निकला था। आरंग के साहू पारा में हुड़दंग कर रहे युवकों का नीरज से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि हंगामा कर रहे युवकों ने उसे बाइक से गिराकर पहले बेदम मारा और उसके बाद चाकू गोदकर मार दिया। इस दौरान नीरज के दो दोस्तों ने भागकर अपनी जान बचाई।
इस हमले में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले का माहौल तनावपूर्ण हो गया। होली पर चप्पे चप्पे पर सुरक्षा की गारंटी देने के दावों की पोल खुल गई। राजधानी में इस प्रकार हत्या के बाद लोगों ने थाने का घेराव किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।




