तिरुवनंतपुरम। भारतीय जनता पार्टी ने केरल में अपनी उपस्थिति और मजबूत कर ली है। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में पहली बार भाजपा का मेयर चुना गया है। भाजपा के राज्य सचिव और कोडुंगनूर वार्ड से पार्षद वीवी राजेश तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर चुने गए हैं। वीवी राजेश ने शुक्रवार को 51 वोट हासिल करके जीत हासिल की। भाजपा के 50 पार्षदों के अलावा एक निर्दलीय पार्षद का भी समर्थन वीवी राजेश को मिला। वहीं यूडीएफ उम्मीदवार केएस सबरीनाथन को सिर्फ 17 वोट ही मिले। लेफ्ट यानी एलडीएफ उम्मीदवार आरपी शिवाजी को 29 वोट मिले।

इससे पहले गुरुवार को भाजपा ने राज्य सचिव वीवी राजेश को तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया था। साथ ही पार्टी ने करुमम वार्ड से पार्षद जीएस आशानाथ को पार्टी की ओर से उप-महापौर पद का उम्मीदवार बनाया। केरल में 2025 के स्थानीय निकाय चुनाव 9 दिसंबर से 11 दिसंबर तक आयोजित किए गए, जिनमें कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने अधिकांश इलाकों में जीत हासिल की थी। हालांकि तिरुवनंतपुरम में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला, जहां भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने नगर निगम में जीत हासिल की और इसके साथ ही यहां सीपीआईएम के 45 साल के शासन का अंत हो गया।
तिरुवनंतपुरम नगर निगम में एनडीए सबसे बड़ा गठबंधन बनकर सामने आया। एनडीएन ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 में से 50 वार्डों में जीत हासिल की थी। तिरुवनंतपुरम कांग्रेस सांसद शशि थरूर का क्षेत्र है और राज्य में अगले साल (2026) विधानसभा चुनाव हैं। भाजपा, तिरुवनंतपुरम में पार्टी की जीत को केरल में ‘एक नए अध्याय की शुरुआत’ के तौर पर देख रही है।




