बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। दरअसल युवक यहां एक पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर चढ़ने के बाद लोगों ने उसे काफी समझाया लेकिन वह नहीं उतरा। इसके बाद पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी गई। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो वह पानी में कूद गया। आनन फानन में पालिका प्रशासन द्वारा पानी खाली कराया गया और युवक को सकुशल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि युवक अपने ससुराल से नाराज था और पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक पूना राम मंडावी (35) अपने ससुराल में रह रहा था। सोमवार को उसने ससुराल में विवाद करना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ा तो वह सुबह करीब 9 बजे गुस्से में बाहर निकला और जल जीवन मिशन के तहत निर्मित 60 फीट ऊंची नई पानी टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर चढ़ने के बाद वह हंगामा करने लगा। यह देखकर गांव के लोग जमा हो गए और पूना राम को समझाने लगे। इसके बाद भी वह नहीं समझा। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भी उसे समझाया लेकिन वह किसी की बात सुन नहीं रहा था। पुलिस ने मौके से एसडीआरएफ को भी सूचित किया। टंकी की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण पुलिस को भी चढ़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसी तरह पुलिस टंकी के ऊपर पहुंची तो पूना राम ने टंकी का ढक्कन खोला और उसमें कूद गया। इसके बाद पंचायत ने आनन-फानन में टंकी का पानी खाली कराया और करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकला गया। बाहर निकालने के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया।




