जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक शिक्षक की काली करतूत सामने आई है। उसने अपने ही घर पर काम करने वाली नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया। नाबालिग स्कूल पढ़ने के साथ की घरेलू काम करती थी और अकेला पाकर उसने छेड़छाड़ व दुष्कर्म किया। इस मामले में नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। अपराध दर्ज होते ही शिक्षक फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया। मामला जशपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

दरअसल 14 नवंबर को जशपुर के एक स्कूल में अध्ययनरत् 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने परिजनों के साथ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह जुलाई 2024 से शिक्षक गिरधारी राम यादव के यहां रहकर घरेलू काम करती थी, इसके साथ ही वह जशपुर के एक स्कूल में पढ़ाई भी करती है। इस दौरान गिरधारी राम यादव ने घर पर अकेला पाकर कई बार छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी गिरधारी राम यादव के विरूद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बी एन एस की धारा 74,75,64(2)(M),65(1) एवं पॉस्को एक्ट की धारा 6,8 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
एफआईआर होने के बाद से शिक्षक गिरधारी राम यादव फरार था। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपी शिक्षक की पतासाजी के लिए टीम गठित की। टीम द्वारा आरोपी शिक्षक गिरधारी राम यादव के छिपने की संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी, साथ ही पुलिस की टेक्निकल टीम भी आरोपी शिक्षक गिरधारी राम यादव के संभावित लोकेशनों को ट्रेस कर रही थी। एक पुलिस की टीम सादी वर्दी में 24 घंटे आरोपी शिक्षक के मोहल्ले व घर पर नजर रखी हुई थी। इस दौरान आरोपी गिरधारी राम यादव जैसे ही अपने घर आया तो पुलिस की टीम ने उसे धर दबौचा। आरोपी शिक्षक पुलिस के दबाव के कारण अपने घर से कपड़े व कुछ रुपए लेकर कहीं भागने के फिराक में था।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी गिरधारी राम यादव के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है, मामले में पुलिस की कार्यवाही जारी है, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस बच्चों व महिलाओं से संबंधित अपराध को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नाबालिक के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी शिक्षक को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया गया है।




