दुर्ग। शहर के नलघर की अंडरग्राउंड पानी टंकी में अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया। दरअसल शव पानी की टंकी में पड़ा हुआ था। नलघर के कर्मियों ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि जिस टंकी में शव मिला वहां से कई क्षेत्रों में पानी सप्लाई होता है और वहां के लोगों ने यही पानी पिया भी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र का है। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि नलघर की अंडरग्राउंड पानी टंकी में अज्ञात शव है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस व फोरेंसिक की टीम पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इधर नलघर की टंकी में शव मिलने के बाद लोगों ने निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कई लोगों ने पिया दूषित पानी
दरअसल जिस टंकी में शव मिला वहां से शहर के शिक्षक नगर, पचरी पारा व सिविल लाइन के कुछ भागों में पानी सप्लाई किया जाता है। पुलिस के अनुसार शव तीन दिन पुराना हो सकता है। पिछले दो दिनों से पानी की सप्लाई जारी है। ऐसे में उक्त सभी क्षेत्र के लोगों ने यह पानी पिया होगा। लोगों ने निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। आसपास के लोगों का कहना है नलघर से पानी की सप्लाई होती है और यहां पर एक भी गार्ड की तैनाती नहीं है। कहीं न कहीं यह निगम प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।




