भिलाई। भारत में इस साल का पहला चंद्रग्रहण रविवार की रात को लगेगा। भाद्रपद मास की पूर्णिमा तिथि को घटित होने वाला यह एक पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। आज लगने वाले चंद्रग्रहण को भारत के अधिकांश हिस्सों में देखा जा सकेगा। भारत के अलावा यह ग्रहण पश्चिमी प्रशांत महासागर, हिंद महासागर, पूर्वी अटलांटिक महासागर, अंटार्कटिका, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप आदि में भी दिखाई देगा। रविवार रात्रि लगने वाला यह ग्रहण न केवल खगोलीय दृष्टि से विशेष है, बल्कि धार्मिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
हिन्दु पंचांग के अनुसार यह ग्रहण कुंभ राशि और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में लगेगा। भारतीय समयानुसार ग्रहण का प्रारंभ रात 9:57 बजे होगा। ग्रहण का मध्य काल रात 11:41 बजे और मोक्ष काल रात 1:27 बजे होगा। ग्रहण का स्पर्श, मध्य व मोक्ष काल पूरे भारत में रहेगा। बात करें सूतक काल की तो ग्रहण शुरू होने के 9 9 घंटे पहले सूतक काल की शुरुआत हो जाती है। इस बार सूतक काल 7 सितंबर को दोपहर 12 बजकर 26 मिनट से प्रारंभ होगा और पूरे ग्रहण काल तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान देव-प्रतिमाओं का स्पर्श, पूजा-पाठ और हवन आदि वर्जित हैं।
सभी राशियों पर पड़ेगा ग्रहण का असर
चंद्रग्रहण का प्रभाव सभी 12 राशियों पर पड़ेगा। हिन्दू पंचांग के अनुसार यह ग्रहण कुंभ राशि और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में लग रहा है और शनि की राशि में घटित हो रहा है। ऐसे में कुंभ राशि वालों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। कुंभराशि वालों को यह ग्रहण खुली आखों से नहीं देखना चाहिए। मान्यता है कि पूर्ण चंद्र ग्रहण में नकारात्मक चीजें काफी बलशाली हो जाती हैं, इसलिए मंत्र जाप आदि करने से इसका प्रभाव कम हो सकता है।

12 राशियों पर पड़ने वाला प्रभाव
मेष राशि : मेष राशि के जातकों के राशि से एकादश भाव पर ग्रहण रहेगा। अचानक धन लाभ के योग बनेंगे, लेकिन इन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखना होगा।
वृषभ राशि : वृषभ राशि वालों के लिए यह चंद्र ग्रहण मिश्रित फल प्रदान करने वाला होगा। यह ग्रहण राशि से दशम स्थान पर रहेगा, इसलिए कार्यक्षेत्र में कुछ परिवर्तन हो सकते हैं।
मिथुन राशि : यह चंद्रग्रहण मिथुन राशि वालों के लिए शुभ फलदायी रहेगा। इस राशि के स्वामियों की धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी।
कर्क राशि : यह चंद्रग्रहण कर्क राशि के जातकों के लिए प्रतिकूल रह सकता है। परिवार में किसी बात पर तनाव बढ़ सकता है। इस राशि के जातक सेहत को लेकर सतर्क रहें।
सिंह राशि : सिंह राशि के जातकों के करियर-कारोबार के लिए चंद्रग्रहण शुभ साबित होगा। वैवाहिक जीवन में सावधानी जरूरी है। अहं के प्रभाव से बचना चाहिए।
कन्या राशि : कन्या राशि के जातकों के लिए चंद्रग्रहण शत्रुओं पर विजय वाला साबित होगा। इस राशि के छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए शुभ परिणाम दिलाएगा।
तुला राशि : चंद्र ग्रहण का असर आपके पारिवारिक जीवन पर रहेगा। तुला राशि के जातक किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। इस राशि के लोगों को अपने बच्चों की ओर से चिंता बनी रहेगी।
वृश्चिक राशि : आपको वाहन और यात्रा से लाभ मिलेगा। गृहस्थ जीवन में सुख में बाधा होगी। नई संपत्ति खरीदने का योग बन सकता है।
धनु राशि : धनु राशि के जातकों के लिए साल का दूसरा चंद्रग्रहण शुभ परिणाम देने वाला होगा। इन्हें भाग्य का साथ मिलेगा। रुके हुए काम पूरे होंगे। करियर में तरक्की होगी।
मकर राशि : मकर राशि के जातक धन संबंधी मामलों में सावधानी रखें। चंद्र ग्रहण के प्रभाव से इस राशि के जातकों के खर्च बढ़ सकते हैं। परिवार के सदस्यों से संवाद बनाए रखें और संयमित रहें।
कुंभ राशि : चंद्रग्रहण आपके व्यक्तित्व और मानसिक संतुलन पर प्रभाव डालेगा। आध्यात्मिक साधना और आत्मचिंतन के लिए शुभ समय कहा जाएगा।
मीन राशि : चंद्रग्रहण का मीन राशि पर प्रतिकूल असर देखने को मिल सकता है। इस राशि के जातक आर्थिक मामलों में सतर्क रहें। खर्चों पर नियंत्रण रखें और उधार या निवेश सोच-समझकर करें।