कोंडागांव। छत्तीसगढ़ राज्य शिल्प बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन हादसे का शिकार हो गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर शुक्रवार की दोपहर को कोंडागाँव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत मस्सू कोकोड़ा पेट्रोल पंप के पास मोना सेन की कार व एक बाइक में भिड़ंत हो गई। इस घटना में छत्तीसगढ़ राज्य शिल्प बोर्ड की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त मोना सेन घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य शिल्प बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन शुक्रवार को पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के घर शोक सभा मे शामिल होने जा रही थी। कोंडागांव में नेशनल हाइवे पर पैट्रोल पम्प के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार एक बाइक से उनकी कार की भिड़ंत हो गई, इस घटना में मोना सेन के साथ ही बाइक सवार भी घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मोना सेन के ड्राइवर ने अपनी ही गाड़ी से दोनों घायलों को फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है, घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।




