भिलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने रविवार को जिले के पुलिस अफसरों के साथ लंबित मामलों की चर्चा के लिए क्राइम मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों को जल्द निपटाने का आदेश दिया। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निष्क्रिय गुंडा बदमाशों की फाइल बंद करने, लगातार वारदातों में शामिल आरोपियों को नए गुंडा लिस्ट में शामिल करने निर्देश दिया।

सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के सभागार में आयोजित बैठक में जिला के सभी थाना और चौकी प्रभारी शामिल रहे। बैठक में एसएसपी विजय अग्रवाल ने एक वर्ष से अधिक अवधि के लंबित अपराध एवं चालान का शीघ निराकरण करने तथा सभी रजिस्ट्ररों को अघतन करने एवं बाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया तथा निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों की सतत जॉच करने एवं पुराने गुण्डा बदमाश जो निष्क्रिय है उनकी फाईल बंद करने एवं नये गुण्डा बदमाश को चिन्हित कर नये गुण्डा बदमाश की फाईल खोलने निर्देशित किया गया है।

इसके अलावा एक से 30 जून तक ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत अधिक से अधिक गुम बालक व बालिकाओं को दस्तयाब करने का भी आदेश दिया। बैठक के दौरान एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य अपराधों में अच्छी कार्रवाई करने वाले उप निरीक्षक सौमित्री भोई, सहायक उप निरीक्षक महफूज खान, रामकृष्ण तिवारी, पुरन दास और दिनेश सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही थाना प्रभारी पाटन और बोरी को उत्कृष्ठ कार्य करने के लिए पुरस्कृत किया गया। अच्छे कार्य करने वाले थाना प्रभारी और विवेचक को पुरस्कार प्रदान किया।




