कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सनकी युवक ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर महिला की हत्या कर दी। घटना कोरबा के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत छिरकुट गांव की है। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार श्यांग थाना अंतर्गत छिरकुट निवासी इतवारी बाई घर पर अकेली रहती है। गुरुवार की सुबह वह घर पर थी। इस दौरान गांव में ही रहने वाला 23 वर्षीय धोबी राम मंझवार उसके घर पहुंचा। धोबीराम शराब पीने का आदी है और उसने महिला से शराब पीने के लिए रुपए मांगे। इतवारी ने पैसा नहीं होने की बात कहते हुए देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
सनकी युवक महिला को गाली देने लगा। महिला ने विरोध किया तो युवक ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। युवक ने बेरहमी से पीट-पीटकर महिला की हत्या कर दी और भाग गया। इसके बाद पड़ोसी ने देखा कि महिला खून से लथपथ है। कुछ देर में आसपास के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिास पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश की। पुलिस ने आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया।
