मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में सौरभ राजपूत की हत्या का किस्सा पूरे देश में छाया रहा। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर ड्रम में भरकर सीमेंट भर देने वाली घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। ऐसा ही एक और मामला मेरठ में ही सामने आया है। यहां दूसरे के प्यार में पागल पत्नी ने अपने प्रेमी संग पति की हत्या की और उसे हादसा दिखाने के लिए करैत यानी वाइपर सांप से कटवाया। जब शव मिला तो सभी यह मान भी गए लेकिन पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में कहानी कुछ और ही निकली। इसके बाद पुलिस ने पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।

बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात में अमित उर्फ मिक्की (25) का शव रविवार सुबह उसके बिस्तर पर पड़ा मिला था। अमित के शव के नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ था। अमित के शरीर पर सांप के डसने के दस निशान थे। जिसे देखकर परिजन ने सांप के दस बार डसने से अमित की मौत का दावा किया था। परिजनों ने सपेरे को बुलाया, जिसने सांप को अमित के शव के पास से पकड़ा था। बाद में सांप को वन विभाग की टीम ने जंगल में छोड़ दिया था। ग्रामीणों और परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस को पता चला कि अमित की मौत सांप के डसने से नहीं बल्कि दम घुटने से हुई है।
इसके बाद पुलिस ने जांच का एंगल बदला और अमित का गला दबाने वाले की तलाश शुरू की। इसके बाद बुधवार को ही पुलिस ने देर रात अमित की पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के सामने दोनों टूट गए और सारी सच्चाई उगल दी। अमित और अमरदीप एक साथ मजदूरी करते थे। अमरदीप का अमित के घर आना जाना था। एक साल से रविता से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। अमित को पत्नी के अमरदीप से संबंध की भनक लग गई थी। इसके चलते वह विरोध करने लगा था। इसके चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। दोनों आरोपी हत्या के साथ खुद को बचाने का तरीका भी तलाश रहे थे। आरोपियों ने गूगल और यूट्यूब के जरिये भी हत्या के तरीके जानने की कोशिश की। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार अमरदीप पास के गांव महमूदपुर सिखेड़ा में रहने वाले एक सपेरे से वाइपर सांप को एक हजार रुपये में खरीद कर लाया था। वाइपर सांप बेहद जहरीला होता है, उसके डसने से बचने के कम ही चांस होते हैं। रात में अमित की सोते समय गला दबाकर हत्या की गई। इसके बाद शव के नीचे सांप को दबा कर रख दिया। दबाव के कारण सांप ने अमित के कई बार डसा। सुबह होने पर रविता ने देखा और सर्पदंश की बात फैला दी। चुंकि अमित के शरीर पर जगह जगह सर्पदंस के निशान थे तो परिजनों ने भी इसे ही सही समझा। लेकिन पीएम रिपोर्ट में सारी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।




