भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में बीती रात मामूली बात पर युवक की हत्या कर दी गई। शराब पार्टी के दौरान दोस्त ने ही उसकी लाठी डंडे से वार कर जान ले ली। गंभीर हालत में युवक को सीएचसी उतई ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद उतई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शुकवार रात की बताई जा रही है। ग्राम मर्रा निवासी त्रिलोकी राम ठाकुर की उसके दोस्त मणिराम ने बेरहमी से लाठी डंडे से वार कर हत्या कर दी। दरअसल त्रिलोकी और मणिराम दोनों ने गांव के पास एक जगह बैठकर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद त्रिलोकी ने कहा कि मणिराम अब तुम्हारी बारी है। या तो शराब पिलाओ या 600 रुपए दो।
इस पर मणिराम ने कैश नहीं होने पर ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कही। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट शुरू हो गई। तैस में आकर मणिराम घर से लाठी डंडा ले आया और त्रिलोकी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे त्रिलोकी वहीं धड़ाम हो गया। इसके बाद मणिराम वहां से भाग गया। घटना के बाद घायल त्रिलोकी को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी को मणिराम को गिरफ्तार कर लिया गया।




