पीलीभीत। बारात से वापस लौट रहे एक परिवार की कार पेड़ से टकराकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और चार घायल है। हादसा गुरुवार देर रात उत्तर प्रदेश के पीलीभीत-टनकपुर हाईवे पर न्यूरिया थाने के करीब हुआ। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खाई में पलट गई। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के खटीमा निवासी कुछ लोग पीलीभीत एक बरात में पहुंचे थे। ये लोग देर रात अर्टिगा कार से वापस लौट रहे थे। कार में कुल 11 लोग सवार थे। रात 12 बजे इनकी कार न्यूरिया थाने के करीब पहुंची। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार पहले पेड़ से टकराई, फिर सड़क से खाई में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही न्यूरिया थाना पुलिस पहुंच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार काटकर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल में पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं चार घायलों की हालत गंभीर बताई गई है जिनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।